भोपाल में कोरोना / भीड़ को कंट्रोल करने के लिए बावड़िया और हबीबगंज ओवरब्रिज को बंद किया, मस्जिदें सैनिटाइज, जमातियों को क्वारैंटाइन किया





कोरोना के नए मरीज मिलने के बाद शहर में सख्ती बढ़ती जा रही है। हबीबगंज और बावड़िया कला ओवरब्रिज (आरओबी) दोनों से ट्रैफिक बंद कर दिया गया है। दोनों ब्रिज पर शनिवार दोपहर बैरिकेड लगा दिए गए। इन ब्रिज पर रोजाना लग रही भीड़ को कंट्रोल करने के लिए यह निर्णय लिया गया है। आईएएस जे विजय कुमार के कोरोना पॉजिटिव होने से गुलमोहर क्षेत्र को कैंटोनमटेड एरिया घोषित किया गया है। इस क्षेत्र में लोगों की आवाजाही रोकने के लिए भी बावड़िया ब्रिज पर बैरिकेडिंग जरूरी हो गई थी। साथ ही जमातियों को क्वारैंटाइन करने के बाद मस्जिदों को सैनिटाइज करने का काम शुरू हो गया है। नगर निगम आज चार इमली, ऐशबाग और त्रिलंगा, जहांगीराबाद और शिवाजी नगर को सैनिटाइट करेगा।


रात दो बजे तक खुली रही करौंद मंडी, आज से भी मंडी बंद 


इधर, करौंद में एक सब्जी व्यापारी के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद प्रशासन ने आज से भोपाल की सारी मंडियों को बंद करने का आदेश जारी किया है। यहां पर अब सब्जी की खरीद-बिक्री नहीं होगी। जिन लोगों ने पहले से सब्जियां खरीद ली हैं, वही सब्जी की दुकान लगा सकेंगे। इसके बाद भी शनिवार को रात दो बजे तक करौंद मंडी खुली हुई थी। असल में, यहां पर किसान अपनी सब्जियां लेकर पहुंच गए, जिससे रात दो बजे ही बोली लगाई गई और खरीद-बिक्री कराई गई। वहीं, शनिवार को जांच के लिए भेजे गए 126 सैंपल में 11 रिपोर्ट शाम को आईं, जिसमें तीन पॉजिटिव आए थे। इसमें स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख सचिव पल्लवी जैन गोविल और स्वास्थ्य विभाग की एडिशनल डायरेक्टर डॉ. वीणा सिन्हा शामिल थीं। इसके अलावा सुबह आईं रिपोर्ट में कोरोना कोर ग्रुप के 12 आईएएस अफसरों में से 11 की रिपोर्ट निगेटिव आई हैं। 


आज 69 लोग क्वारैंटाइन किए जाएंगे 
भोपाल की विभिन्न मस्जिदों में ठहरे तीन जमातियों के पॉजिटिव आने के बाद अन्य जमातियों और उनके संपर्क में आए अन्य लोगों को क्वारैंटाइन किया जा रहा है। नगर निगम जोन-11 के जोनल अधिकारी शैलेंद्र पारे ने बताया कि नवीन नगर ऐशबाग में 11 लोगों को क्वारैंटाइन किया गया है। यह कोरोना पॉजिटिव जमातियों के संपर्क में आए हैं। रविवार को ऐसे ही 69 अन्य लोगों को भी क्वारैंटाइन किया जाएगा। इस क्षेत्र में बैरिकेडिंग कर दी गई है और पुलिस किसी भी व्यक्ति को भीतर नहीं जाने दे रही है। नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी ही यहां आ- जा रहे हैं। 


बाग फरहत अफजा में ठहरे हैं इंडोनेशिया से आई जमात
बाग फरहत अफजा मस्जिद में इंडोनेशिया से आई हुई जमात ठहरी हुई है। इसमें 12 जमाती हैं। इसके अलावा मस्जिद सिकंदर कुली में भी प्रदेश के अन्य शहरों से आए 10 जमाती ठहरे हुए हैं। रानी अमन मस्जिद में तीन जमाती ठहरे हैं। यह तीनों पॉजिटिव हैं। 


मस्जिद अहाता रुस्तम खां को किया सेनेटाइज
श्यामला हिल्स क्षेत्र की मस्जिद अहाता रुस्तम खां को स‌ेनेटाइज किया गया। कमला पार्क, पॉलिटेक्निक और आसपास के अन्य मुख्य मार्गों पर भी साफ सफाई के साथ सेनेटाइजेशन किया गया। शहर में सेनेटाइजेशन के लिए 60 हैंड सेनेटाइजर के साथ 48 मशीनें लगाई गईं हैं। इनसे बड़े भवनों से लेकर मोहल्लों, सड़कों, गलियों और अन्य सार्वजनिक स्थानों के साथ कंटेनमेंट एरिया में सेनेटाइजेशन चल रहा है। नगर निगम का स्वास्थ्य विभाग का अमला इस काम में लगा हुआ है।







Popular posts
कोरोना से जंग / मुख्यमंत्री शिवराज ने पीएस हेल्थ के हौसले को सलाम किया; आराम करने की सलाह दी तो आईएएस अधिकारी ने कहा- मैं बिलकुल ठीक हूं
जाने अपने शहर के बारे में / प्रिंस ऑफ वेल्स के महाराज बनने की खुशी का इजहार है मिंटो हॉल, उनके क्राउन से मिलता है इसका डिजाइन
Image
मप्र: लॉकडाउन का 13वां दिन / प्रदेश में 256 कोरोना पॉजिटिव, सोमवार को 5 संक्रमितों की जान गई; भोपाल के 40 इलाके सील किए गए
बीसीसीई अंपायर डेढ़ लाख का बैग भूल गए, तरबूज बेच रहे युवक ने ढूंढकर लौटाया